भागलपुर के टेक्नोसपोर्ट मॉल के स्टॉक रूम में लगी आग, 6 हजार कपड़े जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के टेक्नोसपोर्ट मॉल के स्टॉक रूम में लगी आग, 6 हजार कपड़े जलकर राख


भागलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्ततम कोतवाली चौक स्थित टेक्नोसपोर्ट मॉल (ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम) में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग इतनी भयावह थी कि चंद मिनटों में ही इसकी लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मॉल के स्टॉक रूम में रखे करीब 6 हजार से अधिक ब्रांडेड कपड़े जलकर पूरी तरह राख हो गए।

इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की वजह स्टॉक रूम में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह जैसे ही मॉल के ऊपरी हिस्से से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती दिखीं, आसपास के दुकानदारों और राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और सुरक्षा के लिहाज से कोतवाली चौक की ओर आने-जाने वाले दोनों रास्तों पर यातायात को पूरी तरह बंद करा दिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही महज 15 मिनट के भीतर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गईं। तंग इलाके और उठते धुएं के कारण शुरुआत में अग्निशमन दल को अंदर दाखिल होने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम फिलहाल नुकसान के वास्तविक आकलन और शॉर्ट सर्किट के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story