देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करनेवाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now


देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करनेवाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन : मुख्यमंत्री




पटना, 15 अगस्त (हि.स.)। बिहार लोक भवन तथा कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त

तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बिहार लोक भवन में 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जेनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिरकत कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करनेवाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है। राज्यपाल के द्वारा एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, इसमें कर्नल वीपी सिंह एवं उनकी टीम कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं। देश की रक्षा करने वालों का सम्मान हम सभी करते हैं। देश की आजादी असंख्य राष्ट्रभक्तों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हमारा राष्ट्र स्वतंत्र एवं सुरक्षित है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने वीर सपूतों के योगदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पिछले 80 वर्षों में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत में शांति है और दुनिया के अनेक हिस्सों में युद्ध एवं अशांति है। भारत पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमारने समृद्ध बिहार का संकल्प लिया गया है। इस संकल्प को पूरा करने में हम सब लोग मिलकर काम करेंगे।

कार्यक्रम में कर्नल वीपी सिंह एवं उनकी टीम ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story