कहलगांव के बेटे की शहादत से गांव में शोक

WhatsApp Channel Join Now
कहलगांव के बेटे की शहादत से गांव में शोक


भागलपुर, 12 मई (हि.स.)। जिले के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत सियां पंचायत के बैरैनी गांव के रहने वाले असम राइफल्स के जवान शिव शंकर कुमार का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय शिव शंकर कुमार अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और तीन वर्ष पूर्व असम राइफल्स के मेडिकल विभाग में भर्ती हुए थे।

वर्तमान में वे जम्मू-कश्मीर के दुर्गम क्षेत्रों में तैनात थे। परिजन के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान ऑक्सीजन की कमी से उनकी मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शिव शंकर बचपन से ही मेधावी और मिलनसार स्वभाव के थे। देश सेवा का जज्बा लेकर उन्होंने सेना जॉइन की थी। शहीद जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। घटना के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story