गोलीकांड के विरोध में बाजार बंद, व्यवसायियों ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च,

WhatsApp Channel Join Now
गोलीकांड के विरोध में बाजार बंद, व्यवसायियों ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च,


नवादा, 11 नवंबर (हि.स.)।

जिले के अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज बाजार में मिठाई दुकानदार विकास कुमार उर्फ उत्तम को गोली मारने की घटना के विरोध में बुधवार को व्यवसायियों ने बाजार बंद रखकर अपना आक्रोश जताया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बाजार की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। इस दौरान व्यवसायियों ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और रोजाना की चहल-पहल पूरी तरह गायब रही।

शांतिपूर्ण मार्च का नेतृत्व मुखिया उदय कुमार यादव ने किया। इसमें रणविजय सिंह, बबलू नायक, भोला प्रसाद, अश्विनी प्रसाद समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। मार्च के दौरान लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

छोटी दिवाली यानी शनिवार की शाम करीब 8:30 बजे नेमदारगंज बाजार स्थित राज मिष्ठान भंडार के संचालक विकास कुमार उर्फ उत्तम को बदमाशों ने गोली मार दी थी। थाना से महज कुछ दूरी पर हुई इस वारदात के बाद से बाजार के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यवसायियों का कहना है कि जब बाजार में थाना के इतने करीब दुकानदार सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

इस घटना के विरोध में सोमवार की शाम व्यवसायियों की बैठक हुई थी। इसमें मुखिया उदय कुमार यादव, बजरंग दल अध्यक्ष जीतू सहित कई व्यवसायी शामिल हुए थे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि बुधवार तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसी निर्णय के तहत बुधवार को सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके पूर्व मंगलवार को व्यवसायियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था।

व्यवसायियों ने कहा कि बाजार में इस तरह की आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलीकांड में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी करनी चाहिए। जब तक अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और व्यवसायियों की सुरक्षा का भरोसा नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। जबकि स्थानीय लोगों के कहना है कि घटना के बाद ना तो स्थानीय विधायक और ना ही सांसद और ना ही कोई एमएलसी पीड़ित परिवार से मिलने और नहीं संतावना देने के लिए पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775221 Articles

Share this story