मुंगेर से भागलपुर तक गंगा किनारे बनेगा भव्य मरीन ड्राइव, दो माह में शुरू होगा निर्माण

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। अंग और मुंगेर प्रमंडल के विकास तथा यातायात को नई रफ्तार देने के लिए मुंगेर से भागलपुर तक गंगा नदी के किनारे भव्य मरीन ड्राइव का निर्माण किया जाएगा। बिहार कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब अगले दो महीनों के भीतर इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

करीब 83.189 किलोमीटर लंबा यह फोर-लेन मार्ग पटना के जेपी गंगा पथ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार, इस परियोजना को दो प्रमुख खंडों में बांटा गया है। पहला हिस्सा मुंगेर के सफियाबाद से सुल्तानगंज (41.931 किमी) और दूसरा हिस्सा सुल्तानगंज से भागलपुर होते हुए सबौर (41.258 किमी) तक बनेगा।

घनी आबादी और नदी के बहाव वाले संवेदनशील इलाकों में पिलर पर एलिवेटेड सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि शेष हिस्सों में जमीन पर फोर-लेन सड़क बनेगी। परियोजना के प्रथम चरण के तहत चिह्नित भूमि का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है और जल संसाधन विभाग ने भी इसके लिए सैद्धांतिक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। निर्माण के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि गंगा की प्राकृतिक धारा अवरुद्ध न हो और सड़क का तल उच्चतम बाढ़ स्तर से सुरक्षित ऊंचाई पर रहे।

इस गंगा पथ के बन जाने से भागलपुर और मुंगेर के बीच का सफर बेहद सुगम और कम समय का हो जाएगा। साथ ही, दोनों जिलों के मुख्य मार्गों पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। गंगा किनारे विकसित होने वाले इस कॉरिडोर से स्थानीय व्यापार, धार्मिक पर्यटन (अजगैबीनाथ धाम व बूढ़ानाथ मंदिर) और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story