नवगछिया में गंगा-कोसी के जलस्तर में आंशिक गिरावट, राहत के बीच सभी तटबंध सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
नवगछिया में गंगा-कोसी के जलस्तर में आंशिक गिरावट, राहत के बीच सभी तटबंध सुरक्षित


भागलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)।

जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए थोड़ी राहत की खबर है।

क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंगा और कोसी नदियों के उफान में अब आंशिक ठहराव और गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार सुबह दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र के चारों प्रमुख गेज स्थलों पर दोनों नदियों के जलस्तर में कमी आई है।

हालांकि, जलस्तर घटने के बावजूद दोनों नदियां कई स्थानों पर अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं और कटाव का डर लगातार सता रहा है।

इस बीच राहत की बड़ी बात यह है कि जल संसाधन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस्माईलपुर-बिंदटोली गंगा का जलस्तर 32.56 मीटर (7 सेमी की कमी), खतरे के निशान से 96 सेमी ऊपर है। राघोपुर गंगा का जलस्तर 33.71 मीटर (10 सेमी की गिरावट), खतरे के निशान से 3 सेमी ऊपर है।

मदरौनी में कोसी का जलस्तर 31.58 मीटर (5 सेमी की गिरावट), लाल निशान से 10 सेमी ऊपर है। जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 31.77 मीटर (3 सेमी की कमी), खतरे के निशान के बराबर है। जल संसाधन विभाग के अनुसार सभी मुख्य तटबंध सुरक्षित हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story