मरोना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली प्रभात फेरी, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र

WhatsApp Channel Join Now
मरोना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली प्रभात फेरी, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र


मरोना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली प्रभात फेरी, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र


सुपौल, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से मरोना प्रखंड में मंगलवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले विद्यार्थियों ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश फैलाया।

प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। विद्यालयों से निकली प्रभात फेरी विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।

प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story