मानसरोवर झील पार्क का उप विकास आयुक्त ने किया निरीक्षण, जल्द आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी
सुपौल, 30 जुलाई (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने गुरुवार को वीरपुर स्थित वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे मानसरोवर झील पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वन प्रमंडल पदाधिकारी आतिश कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने पूरे पार्क का पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों से पार्क के विकास कार्यों की प्रगति और शेष तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि मानसरोवर झील पार्क को और बेहतर ढंग से विकसित करते हुए जल्द से जल्द आम लोगों के लिए खोला जाए, ताकि वीरपुर एवं आसपास के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी एक आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध हो सके। उन्होंने पार्क को शीघ्र क्रियाशील बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। पार्क में वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए प्ले एरिया, नौकायन (बोटिंग) सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं को पूरी तरह संचालित कर पार्क को पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की योजना पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ पार्क के संचालन, रखरखाव और आम लोगों के लिए शीघ्र खोलने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन को उम्मीद है कि निकट भविष्य में मानसरोवर झील पार्क आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे वीरपुर क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

