मांझी सीएचसी को कायाकल्प रैंकिंग में 15 लाख का इनाम

WhatsApp Channel Join Now
मांझी सीएचसी को कायाकल्प रैंकिंग में 15 लाख का इनाम


सारण, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में कायाकल्प योजना की राज्य स्तरीय रैंकिंग में मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ने पूरे बिहार में 96.46 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार द्वारा अस्पताल को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

अस्पताल का मूल्यांकन मुख्य रूप से आठ मानकों पर किया गया, जिसमें स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और इको-फ्रेंडली वातावरण जैसे बिंदु शामिल थे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताते हुए स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत को सराहा है। मांझी की इस सफलता के साथ ही जिले के 14 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों 11 सीएचसी, 2 रेफरल अस्पताल और 1 अनुमंडलीय अस्पताल ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इन सभी को 1-1 लाख रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि जिले में अब 24 घंटे इमरजेंसी, आधुनिक प्रसव कक्ष और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कई केंद्रों में हर्बल गार्डन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इस उपलब्धि से न केवल स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनता का विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story