मंडल कारा में कैदियों के लिए शुरू होगा 'सुविचार चेतना सत्र'

WhatsApp Channel Join Now
मंडल कारा में कैदियों के लिए शुरू होगा 'सुविचार चेतना सत्र'


कटिहार, 25 फरवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैदियों से सीधा बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और कारा अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैदियों के रहन-सहन, भोजन, स्नानागार और खेलकूद की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैदियों से पूछा कि उन्हें किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं है, और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए क्या किया जा सकता है।

कैदियों ने जिलाधिकारी को बताया कि उन्हें शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर उन्हें पशुपालन और वर्मी कंपोस्ट बनाने जैसे विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण दिए जाते हैं, जो उनके पुनर्वास के लिए लाभकारी हैं।

जिलाधिकारी ने कैदियों की समस्याओं को सुनने के बाद भवन निर्माण विभाग को शौचालय और स्नानागारों के सुदृढ़ीकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कैदियों के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके अलावा, जिला पदाधिकारी ने कैदियों के लिए सुविचार चेतना सत्र का आयोजन करने का निर्देश दिया, जिसमें उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में उपयोगी बातें सिखाई जाएंगी। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के भी निर्देश दिए, ताकि कैदियों का मनोरंजन हो सके और वे अपने आप को तनावमुक्त महसूस कर सकें।

मधुमेह और अन्य बीमारियों से ग्रसित कैदियों की देखभाल के लिए जिलाधिकारी ने चिकित्सक को निर्देश दिया कि उन्हें समय पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, पुलिस अधीक्षक, कारा अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story