सोनपुर में एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक ने किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
सारण, 19 अगस्त (हि.स.)। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने सोनपुर का दौरा कर विद्युत उपभोक्ता सुविधाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। एमडी ने सोनपुर सब डिविजन में आयोजित बिल सुधार शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिल सुधार में किसी भी तरह का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने सोनपुर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण कर निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परिसर में उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। एमडी राहुल कुमार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित सौर संयंत्रों का भी मुआयना किया।उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने कर्मियों को उपभोक्ता सेवा को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर छपरा सर्किल के विद्युत अधीक्षण अभियंता रितेश कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रेम राज छपरा ईस्ट, एमआरटी छपरा के कार्यपालक अभियंता तथा यूएलए एजेंसी के प्रतिनिधि समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

