अज्ञात वाहन की ठोकर से व्यक्ति की मौत, एनएच पर मिला क्षत-विक्षत शव

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की ठोकर से व्यक्ति की मौत, एनएच पर मिला क्षत-विक्षत शव


किशनगंज, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के कुर्लीकोर्ट थाना क्षेत्र में बुधवार एनएच 327ई पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पिकु पब्लिक स्कूल के सामने की है।

आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। शव की हालत बेहद खराब थी। यह देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कुर्लीकोर्ट थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। शुरुआती जांच में किसी बड़े अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत होने की आशंका है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन का पता लगाने में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर आसपास के इलाकों तथा सड़क किनारे घूमते हुए दिखाई देता था। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story