‘भास्कर महोत्सव’ में लांच होगा मखाना ठेकुआ, बीएमपी घाट पर सजेगा बिक्री केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
‘भास्कर महोत्सव’ में लांच होगा मखाना ठेकुआ, बीएमपी घाट पर सजेगा बिक्री केंद्र


‘भास्कर महोत्सव’ में लांच होगा मखाना ठेकुआ, बीएमपी घाट पर सजेगा बिक्री केंद्र


कटिहार, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर आयोजित ‘भास्कर महोत्सव’ के दौरान बीएमपी घाट पर कटिहार की विशिष्ट कृषि उपज मखाना से निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पाद ‘मखाना ठेकुआ’ का भव्य विमोचन किया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी इस विशेष उत्पाद का शुभारंभ करेंगे। जिला कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जटा एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) समूह के सुमित सहगल द्वारा तैयार किए गए इस उत्पाद की प्रदर्शनी व बिक्री के लिए बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर एक विशेष ‘मखाना ठेकुआ बिक्री केंद्र’ भी स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु इसका स्वाद लेने के साथ ही खरीदारी भी कर सकेंगे।

उत्पाद के शुभारंभ के संदर्भ में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि मखाना ठेकुआ का विमोचन केवल एक नए खाद्य उत्पाद का शुभारंभ नहीं, बल्कि कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की सोच का प्रतीक है। इससे कटिहार के मखाना को जिले से बाहर भी नई पहचान मिलेगी। वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी सह आत्मा के परियोजना निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि खेत से बाजार तक किसान की उपज को उचित मूल्य और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह नवाचार किया गया है।

कृषि विभाग की इस पहल के पांचवें चरण के तहत कच्चे मखाना को प्रसंस्कृत कर पारंपरिक बिहारी व्यंजन ठेकुआ का आधुनिक स्वरूप दिया गया है। इस परियोजना का मुख्य लक्ष्य मखाना का मूल्य संवर्धन कर किसानों की आय में वृद्धि करना, एफपीओ और महिला स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ना तथा ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। छठ के पारंपरिक प्रसाद में कटिहार के मखाना का यह अनूठा संगम स्थानीय कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग को नई दिशा देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story