कटिहार में मखाना उत्पादों की बिक्री के लिए खुलेगा विशेष विक्रय केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में मखाना उत्पादों की बिक्री के लिए खुलेगा विशेष विक्रय केंद्र


कटिहार, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला संयुक्त कृषि भवन में आयोजित आत्मा की बैठक के बाद मखाना उत्पादक किसानों और एफपीओ प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से उनके वेश्म में मुलाकात की। इस दौरान किसानों द्वारा मखाने से बनाए गए विभिन्न स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजनों (पेड़ा, बर्फी, ठेकुआ आदि) का अवलोकन करने के बाद जिला पदाधिकारी ने इन उत्पादों की बिक्री के लिए एक समर्पित विक्रय केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया है।

आत्मा के परियोजना निदेशक सह जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मखाना की खेती के लगातार बढ़ते रकबे और किसानों के बढ़ते रुझान को उत्साहजनक बताया गया। डीएओ ने मूल्य संवर्धन पर विशेष बल देते हुए कहा कि कच्चा उत्पाद बेचने के बजाय उससे विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार कर किसान अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। वर्तमान में जिले में मखाने से 20-25 प्रकार के व्यंजन तैयार हो रहे हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। इसके साथ ही, आगामी 15 अगस्त तक मखाने से राष्ट्रीय मिठाई 'जलेबी' तैयार कर बाजार में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान आत्मा के परियोजना उप निदेशक शशिकांत झा ने बताया कि जिले के सभी मखाना उत्पादक किसानों को संगठित करने के लिए एक 'मखाना किसान संघ' का गठन किया जा रहा है। अपनी बेहतर गुणवत्ता और पौष्टिकता के दम पर कटिहार का मखाना राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी गहरी पहचान बना रहा है। प्रशासन और कृषि विभाग के इन संयुक्त प्रयासों से जिले को मखाना उत्पादन और उससे जुड़े व्यंजनों के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story