कटिहार में मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया ध्वजारोहण, मखाना ब्रांडिंग की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने किया ध्वजारोहण, मखाना ब्रांडिंग की शुरुआत


कटिहार, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कटिहार के महेश्वरी एकेडमी मैदान में जिलास्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। खान एवं भूतत्व विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली।

राष्ट्रगीत से शुरू हुए इस समारोह के दौरान मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया था और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों, अधिकारियों एवं आमजनों की उपस्थिति से पूरा प्रांगण देशभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।

समारोह के दौरान कई विशेष कार्यक्रमों और योजनाओं की शुरुआत की गई। मंत्री द्वारा जिले में सर्वाधिक जीएसटी कर का भुगतान करने वाले शीर्ष तीन व्यवसायियों को भामा शाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार आशीष मोटर्स को 51 हजार रुपये का चेक एवं शॉल, द्वितीय पुरस्कार आयशा मोटर्स को 21 हजार रुपये का चेक एवं शॉल तथा तृतीय पुरस्कार लक्ष्मी टेक्सटाइल को 11 हजार रुपये का चेक एवं शॉल प्रदान किया गया। इसके अलावा, जिले के मखाना किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मखाना से विभिन्न मिठाइयां जैसे जिलेबी बनाने, उसकी बिक्री करने और ब्रांडिंग की शुरुआत भी मंत्री के द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चा का वितरण भी किया गया, जिससे लाभुकों में भारी खुशी का माहौल देखा गया और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बिहार सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, महिला सशक्तिकरण और जीविका सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के माध्यम से हो रहे कार्यों पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की जानकारी देते हुए आमजनों से पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार आमजन के कल्याण के लिए सदैव संवेदनशील है और विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story