किशनगंज पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार, एक करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त, शराब, मवेशी और चोरी का सामान बरामद

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार, एक करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त, शराब, मवेशी और चोरी का सामान बरामद


किशनगंज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य के 515.11 ग्राम स्मैक, हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद किए। इसके अलावा अफीम, विदेशी व देशी शराब, मवेशी, वाहन और चोरी से जुड़े कई सामान भी जब्त किए गए।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहनों से 1.32 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया।गुरुवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञान के अनुसार, अभियान के तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

नियमित वाहन जांच भी तेज की गई है। साप्ताहिक उपलब्धि के अनुसार, पुलिस ने 22.04 ग्राम अफीम, 111.325 लीटर विदेशी शराब और 60.5 लीटर देशी शराब बरामद की। इसके अलावा करीब 500 लीटर जावा नष्ट किया गया। मादक पदार्थों की बरामदगी को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान की प्रमुख उपलब्धि माना जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 मवेशी, दो मोटरसाइकिल, दो टोटो, एक ट्रक, एक ट्रैक्टर, एक पिकअप और एक साइकिल जब्त की। इसके साथ 12 मोबाइल फोन, तीन ताले, तीन वजन मशीन, एक गैस सिलेंडर, पेचकस और टॉर्च भी बरामद किए गए। पुलिस ने सोने जैसी धातु के आभूषणों में चार बाली, चार मठिया, एक अंगूठी और एक टिकली बरामद की। वहीं, चांदी जैसी धातु के पायल, बिछिया, लॉकेट, सिकड़ी, बिस्कुट, सिक्का, टिकली और ताबीज भी जब्त किए गए।

इसके अतिरिक्त 12 लीटर सोयाबीन तेल, तीन बोरा अनानास, 440 लॉटरी टिकट, 91,560 रुपये भारतीय मुद्रा और 50 हजार रुपये नेपाली मुद्रा जैसी राशि बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिक मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दे सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story