किशनगंज पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 पदाधिकारियों का तबादला
किशनगंज, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में बेहतर विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने 28 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। इनमें एक पुलिस निरीक्षक, चार पुलिस अवर निरीक्षक तथा 23 पीटीसी शामिल हैं। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं गर्वनडांगा थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और छतरगाछ पिकेट प्रभारी शैलेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। किशनगंज थाना में पदस्थापित एसआई राजू कुमार को बिशनपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस केंद्र में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार को छतरगाछ पिकेट का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस निरीक्षक मकसूद आलम अशर्फी को त्वरित विचारण कोषांग/अभियोजन कोषांग के प्रभारी के साथ विधि-व्यवस्था शाखा और लोक शिकायत निवारण कोषांग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह को गोपनीय शाखा का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। स्थानांतरण के तहत पीटीसी राम अवतार यादव को किशनगंज थाना के ईआरवी-01 में, संजय कुमार को ईआरवी-02, अभय कुमार चौधरी व कमलेश कुमार दास को ईआरवी-03 तथा कुंदन पंजियारा को ईआरवी-03 में पदस्थापित किया गया है।
ब्रज बिहारी पांडेय को ईआरवी-04 और कुमारी सुमन सिन्हा को ईआरवी-05 की जिम्मेदारी दी गई है। मुकेश कुमार को फतेहपुर थाना के ईआरवी-23 तथा उपेंद्र कुमार को ठाकुरगंज थाना के ईआरवी-09 में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों को विभिन्न थानों में थाना लेखक तथा अन्य जिम्मेदारियां दी गई हैं।
आदेश में सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को अविलंब नए पदस्थापन स्थल पर योगदान कर कर्तव्यों का सम्यक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

