किशनगंज पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मंगलेश सिंह का तबादला
किशनगंज, 17 मई (हि.स.)। जिले के पुलिस महकमे में राज्य सरकार द्वारा बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किया गया है।
जारी तबादला सूची के अनुसार ठाकुरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह का तबादला औरंगाबाद जिले में कर दिया गया है। उन्हें वहां साइबर क्राइम डीएसपी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर मनोज कुमार सिंह को ठाकुरगंज का नया एसडीपीओ-2 नियुक्त किया गया है।
मंगलेश कुमार सिंह के कार्यकाल को ठाकुरगंज अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए याद किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में कई विशेष अभियान चलाए गए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई गई। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण ठाकुरगंज अनुमंडल में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण मानी जाती है, लेकिन उनके कार्यकाल में पुलिस की सक्रियता लगातार बनी रही।
इधर, किशनगंज पुलिस मुख्यालय में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार को हटाकर सुशील कुमार को नया डीएसपी (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है। मुख्यालय डीएसपी का पद जिले की आंतरिक प्रशासनिक व्यवस्था, पुलिस संचालन और निगरानी व्यवस्था के लिहाज से काफी अहम माना जाता है।
पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली, निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक सक्रियता में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।जिलेभर में इस फेरबदल को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

