सुखानी में एसएसबी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22.40 ग्राम संदिग्ध अफीम और नेपाली करेंसी बरामद
किशनगंज, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कादोगांव में छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान घर से 22.40 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ, अफीम होने की आशंका, तथा नेपाली मुद्रा के एक हजार रुपये मूल्यवर्ग के 50 नोट बरामद किए गए।मामले में महिला के पति को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस ने सुखानी थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त आवेदन के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे एसएसबी की सूचना शाखा को कादोगांव स्थित एक घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की योजना बनाई।
16 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे टीम चिह्नित घर पहुंची, जहां मैना पति अबुल कलाम आजाद, निवासी कादोगांव मौजूद थी। तलाशी से पहले महिला को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत उसके अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पहली मंजिल के बरामदे में रखे ट्रंक से काले पॉलीथिन में लिपटा एक पैकेट मिला। आवेदन के मुताबिक, पैकेट में 22.40 ग्राम वजन का संदिग्ध मादक पदार्थ और नेपाली मुद्रा के 50 नोट बरामद हुए। पदार्थ का वजन पॉलीथिन सहित बताया गया है। इसकी वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद होगी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर बताया कि ट्रंक में रखा सामान उसके पति अबुल कलाम आजाद का है। अबुल कलाम आजाद पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र के सोनापुर का निवासी बताया गया है। एसएसबी के आवेदन के आधार पर दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार कर महिला को गिरफ्तार किया गया।
सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

