नगर निगम की बड़ी पहल: दुर्गा पूजा से पहले चकाचक होंगी भागलपुर की सड़कें

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के पावन त्योहार को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों को गड्ढामुक्त करने की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त के कड़े निर्देश के बाद सोमवार से शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। इस कदम से पूजा के दौरान सड़कों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और विसर्जन शोभायात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।

ज्ञनिगम प्रशासन ने पहले चरण के तहत शहर के 21 सबसे प्रमुख बदहाल और बड़े गड्ढों वाले स्थानों को चिह्नित किया है, जहां से सबसे अधिक विसर्जन जुलूस गुजरते हैं। इन चिन्हित सड़कों पर सोमवार सुबह से ही कंक्रीट, अलकतरा और गिट्टी गिराकर रोलर चलाने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने साफ किया है कि काम की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय पूजा समितियों और शहरवासियों ने नगर निगम के इस त्वरित फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने मांग की है कि विसर्जन मार्गों की मरम्मत के साथ-साथ इन रास्तों पर लटकते बिजली के तारों को भी दुरुस्त किया जाए और पूजा के दौरान लाइटिंग की माकूल व्यवस्था रहे, ताकि त्योहार के रंग में कोई खलल न पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story