मौजाबाड़ी छठ घाट पर बड़ा हादसा, दो बच्चे गहरे पानी में डूबे, एक का शव बरामद
किशनगंज, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के कोचाधामन प्रखंड स्थित मौजाबाड़ी छठ घाट पर शुक्रवार को स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से दो बच्चे हादसे का शिकार हो गए।
घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव पानी से बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षा बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर चले गए थे। इसी दौरान वे पानी में डूबने लगे।
घाट पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही बचाव के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि, गहराई अधिक होने के कारण तत्काल सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम घाट पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक बच्चे का शव बरामद किया गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, दूसरे बच्चे को खोजने के लिए एसडीआरएफ के जवान लगातार पानी में तलाश कर रहे हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-1 खुसरु सिराज भी मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ और परिजनों के बीच शोक का माहौल है। दूसरे बच्चे की तलाश पूरी होने तक बचाव अभियान जारी रहेगा।
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में मौजाबाड़ी घाट पर दो बच्चों के डूबने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैरिकेडिंग के बावजूद बच्चे गहरे पानी तक कैसे पहुंच गए, यह जांच का विषय है। दूसरे बच्चे की तलाश पूरी होने के बाद हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

