बिहार पुलिस मुख्यालय का बड़ा फैसला: जिलों में तैनात किए गए प्रभारी अधिकारी
-सभी जिलों में प्रभारी बनाए गए आईपीएस अधिकारी
पटना, 10 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा मंत्रियों और सचिवों को जिलों का प्रभारी बनाए जाने की तर्ज पर अब पुलिस मुख्यालय ने भी राज्य के सभी जिलों में जिला प्रभारी और नोडल प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के इस फैसले का उद्देश्य जिलों में कानून-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाना और जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की निगरानी को प्रभावी बनाना है।
इस नई व्यवस्था के तहत सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नैय्यर हसनैन खां को दी गई है, जिन्हें पटना जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नैय्यर खां पूर्व में पटना के एसएसपी और जोनल आईजी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें राजधानी के चप्पे-चप्पे की भौगोलिक स्थिति और अपराध के पैटर्न की गहरी समझ है।
जानकारों का मानना है कि उनका मजबूत सूचना तंत्र और कार्यशैली पटना पुलिस के लिए संजीवनी साबित होगी, जिससे आने वाले दिनों में बड़ी सफलताएं मिलने के आसार हैं।
इसी क्रम में डीजीपी ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। एडीजी अमित कुमार जैन को सारण और बक्सर, आईजी संजय कुमार को मुजफ्फरपुर, एडीजी एस रवीन्द्रण को गया, और एडीजी आर मलार विजी को नालंदा का प्रभार दिया गया है।
एडीजी पंकज कुमार दराद को भोजपुर, एडीजी सुधांशु कुमार को दरभंगा और एडीजी सुनील कुमार को जहानाबाद व अरवल की कमान सौंपी गई है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में एडीजी डॉ कमल किशोर सिंह (समस्तीपुर), एडीजी पारसनाथ (मुंगेर), एडीजी अजिताभ कुमार (गोपालगंज व खगड़िया) और एडीजी संजय सिंह (सीवान व पूर्णिया) शामिल हैं। एडीजी अमित राज को बेतिया व बगहा, जबकि चर्चित अधिकारी एडीजी अमित लोढ़ा को लखीसराय और शेखपुरा का जिम्मा मिला है। वहीं वैशाली के लिए मुख्यालय आईजी मनोज कुमार को बनाया गया है।
महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की कमान दी गई है, जिसमें आईजी अनसुइया रणसिंह साहु (औरंगाबाद), आईजी एस प्रेमलता (भागलपुर व नवगछिया), डीआईजी हरप्रीत कौर (भभुआ) और डीआईजी मीनू कुमारी (बेगूसराय) प्रमुख हैं। इसके अलावा सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में आईजी पी कन्नन (जमुई व अररिया), डीआईजी तौहीद परवेज (किशनगंज) और डीआईजी राशिद जमां (सीतामढ़ी) जैसे अधिकारियों को तैनात किया गया है।
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इन वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से जिलों के पुलिस कप्तानों को बेहतर तालमेल बिठाने और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

