लालगंज में आग से 15 लाख का टेंट सामान खाक, शादी से पहले परिवार पर टूटा संकट

WhatsApp Channel Join Now
लालगंज में आग से 15 लाख का टेंट सामान खाक, शादी से पहले परिवार पर टूटा संकट


पूर्णिया, 23 मार्च (हि.स.)।

पूर्णिया जिले के लालगंज पंचायत के वार्ड संख्या 5 में सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच एक बड़ी घटना सामने आई, जहां मो. अजमल के घर में रखे टेंट का लगभग 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा सामान खाक हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत आग लगाई गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना में करीब 5 लाख रुपये का सामान जलाया जा चुका है। यह लालगंज में इस तरह की तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

घटना पंचायत भवन के पास की है, जिससे लोगों की भीड़ तुरंत मौके पर जुट गई। सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

सबसे दुखद बात यह है कि 29 मार्च को मो. अजमल की बेटी की शादी तय है। ऐसे समय में यह घटना परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी एक ही सवाल कर रहे हैं कि अब इस गरीब परिवार का क्या होगा।

पीड़ित के बेटे शाहनवाज आलम ने प्रशासन से मदद और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story