अवैध बालू खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, पिपला चौक से दो ट्रैक्टर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध बालू खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, पिपला चौक से दो ट्रैक्टर जब्त


किशनगंज, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर शनिवार की सुबह खनन विभाग और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पिपला चौक के पास अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। दोनों वाहनों पर कुल 2.20 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित वाहन मालिकों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिले में अवैध खनन और खनिजों के नियम विरुद्ध परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान पिपला चौक के समीप जांच में दो ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से बालू लदा पाया गया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पूरी कार्रवाई खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में खनन विभाग के अधिकारियों के साथ किशनगंज थाना की पुलिस भी शामिल रही। विभाग ने जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। खान निरीक्षक सुनील कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन नियमों का उल्लंघन कर बालू का अवैध उत्खनन अथवा परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दौरान पकड़े जाने पर संबंधित लोगों को भारी आर्थिक दंड के साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खनन विभाग द्वारा ऐसे मामलों में निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762379 Articles

Share this story