जुलाई में किशनगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, 1.354 किग्रा ब्राउन शुगर व 5 लाख से अधिक लॉटरी टिकट जब्त
किशनगंज, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस ने जुलाई माह में व्यापक अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के नेतृत्व में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन, वाहन चोरी तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस की ओर से जारी मासिक उपलब्धि रिपोर्ट के अनुसार अभियान के दौरान हत्या के दो, डकैती के एक, गृहभेदन के छह तथा मंदिर चोरी के दो मामलों का सफल उद्भेदन किया गया। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए वाहनों से कुल 25 लाख 30 हजार 480 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 1.354 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.70 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 12.65 किलोग्राम गांजा, 400 पीस कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप (40 लीटर) तथा 300 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 5,03,748 अवैध लॉटरी टिकट जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा 523.53 लीटर विदेशी शराब, 67 लीटर देशी शराब तथा 160.150 लीटर जावा नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान 246 मवेशी, 21 हाईवा, कंटेनर, ट्रक व ट्रैक्टर, 6 कार, पिकअप व टोटो, 13 मोटरसाइकिल व स्कूटी, 50 मोबाइल, आभूषण, घरेलू सामान तथा 9.48 लाख रुपये भारतीय, 2.60 लाख नेपाली और 100 पाकिस्तानी रुपये भी जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

