ट्रेन में चोरी हुए गहनों का खुलासा, दो घरों से आभूषणों की बड़ी खेप बरामद
सीवान, 06 अक्टूबर (हि.स.)। छपरा कचहरी से थावे की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में यात्रा के दौरान गहनों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों के घर से आभूषणों की बड़ी खेप बरामद की है।
पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दरौंदा थाना क्षेत्र के बाल बंगरा निवासी जीतेन्द्र उर्फ जीतन यादव और सारण जिले के एकमा निवासी देवनारायण प्रसाद के घर पर छापेमारी की। दोनों के घर से सोने और चांदी जैसे दिखने वाले विभिन्न प्रकार के आभूषण बरामद किये गये हैं।
महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार ने बताया कि 28 जून 2026 को एक युवक बसंतपुर से महाराजगंज जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन में सवार था। इसी दौरान सरहरी रेलवे स्टेशन के आसपास उसके ट्रॉली बैग से गहनों की चोरी कर ली गयी।
मामले में भगवानपुर हाट थाना कांड संख्या 308/26, दिनांक 20 जुलाई 2026 को धारा 305(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के दौरान तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद जीतेन्द्र उर्फ जीतन यादव तथा देवनारायण प्रसाद के घर पर अलग-अलग छापेमारी की गयी। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
एक घर से 30 से अधिक प्रकार के आभूषण
जीतेन्द्र उर्फ जीतन यादव के घर से पुलिस ने मंगलसूत्र, ढोलना, मांग टीका, कान के झुमके, झाले, बाली, टॉप, नाक की कील, नथुनी, लॉकेट, चैन सहित बड़ी संख्या में आभूषण बरामद किये। इसके अलावा चांदी जैसे दिखने वाले कमरबंद, दुल्हन पायल, पायल, मेहंदी छल्ला, चोटी, बाजूबंद, बाल क्लिप, ब्रेसलेट, अंगूठी, बिछिया सहित अन्य आभूषण भी मिले। वहीं, देवनारायण प्रसाद के घर से चांदी जैसे दिखने वाले दो जोड़ी दुल्हन पायल, सोने जैसा कान का बाली, गले का छोटा हार, बाल की चोटी और कान का झुमका बरामद किया गया है।
एसडीपीओ अमन कुमार ने बताया कि बरामद आभूषणों की पहचान एवं मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद गहने इसी कांड से संबंधित हैं या अन्य चोरी की घटनाओं में इनका इस्तेमाल हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई से ट्रेन में चोरी करने वाले गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी सुराग मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

