लापता किशोरी मेनका मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष लाइन क्लोज, अनुसंधानकर्ता निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 07 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के डुमरिया भट्टा निवासी 13 वर्षीय किशोरी मेनका कुमारी के गुमशुदगी एवं मौत मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्रभारी थानाध्यक्ष को लाइन क्लोज तथा मामले के अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया है।

दोनों अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब और जांच में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। रविवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, किशनगंज थाना कांड संख्या-574/26 में गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बावजूद समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता लक्ष्मण कुमार साह जब अपनी पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, तब उनके आवेदन में बदलाव कराया गया और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार 4 जून को स्वयं रमजान नदी स्थित शिवगंगा छठ घाट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था, जहां किशोरी का शव बरामद हुआ था। इसके बाद एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि प्रभारी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नेसार अहमद ने प्राथमिकी दर्ज करने में अनावश्यक विलंब किया। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन और स्वेच्छाचारिता मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया गया है। साथ ही सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर कुशवाहा पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। जांच में पाया गया कि उन्होंने किशोरी की बरामदगी के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए, परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया तथा घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण साक्ष्य, जैसे बालों का क्लचर, समय पर जब्त नहीं किया।

इसे जांच में गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर भेज दिया गया है। उनसे भी सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि किशनगंज पुलिस कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story