भागलपुर के मिराचक और नवटोलिया में छापेमारी, 10 जुआरी के साथ नकद और मोबाइल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के मिराचक और नवटोलिया में छापेमारी, 10 जुआरी के साथ नकद और मोबाइल बरामद


भागलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध जुआ खेलने और खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 10 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6,260 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और ताश की 3 गड्डियां बरामद की गई हैं।

सिटी डीएसपी-1 हेमंत सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के इन इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जुटकर बड़े पैमाने पर अवैध जुआ खेल रहे हैं और इसका आयोजन करवा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया।

इस टीम का नेतृत्व खुद नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिटी डीएसपी-1) हेमंत सिंह और औद्योगिक प्रक्षेत्र थानाध्यक्ष कर रहे थे। विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे और इसका आयोजन करा रहे 10 लोगों को दबोच लिया।

पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ-साथ दांव पर लगाई गई नकदी और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी-1 हेमंत सिंह ने साफ किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध जुए के तार और कहां-कहां से जुड़े हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story