महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस की सफलता को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान
अररिया 26 अगस्त(हि.स.)।
फारबिसगंज के श्री सांवलिया कुंज ठाकुरबाड़ी से हरेक साल निकलने वाले महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस इस साल 13 सितंबर को निकाली जाएगी।इस शोभायात्रा जुलूस में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बजरंग बली मंदिर में 24 घंटे का अखंड अष्टयाम संकीर्तन के साथ लाखों की संख्या में श्रद्धालु गाजे बाजे और झांकियों के साथ भाग लेते हैं।
इस साल निकलने वाले महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर आयोजन समिति ने तैयारी शुरू कर दी है और ग्रामीण इलाकों में विभिन्न अखाड़ों के साथ मंदिर प्रबंधन कमिटी के सदस्यों से मुलाकात कर महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस कमिटी के संचालक एवं आरएसएस जिला संघ चालक सच्चिदानंद मेहता,सह संचालक बिमल सिंह,प्रो.गणेश ठाकुर,मनोज झा,गंगा साह,सुबोध मोहन ठाकुर,अंजनी मिश्रा,माधव लाल कर्ण,प्रसेनजीत चौधरी,रजनीश कुमार आदि ने अम्हारा,मझुआ,रंगदाहा के अखाड़ों के सदस्यों से जनसंपर्क कर महावीरी झण्डा शोभायात्रा जुलूस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस मौके पर शोभायात्रा कमिटी के सदस्यों ने कहा कि महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस इस साल ऐतिहासिक होगा और लाखों की संख्या में पांच दर्जन से अधिक अखाड़ों के लोगों के साथ इसमें अररिया,नरपतगंज,जोगबनी सहित ग्रामीण इलाकों के श्रद्धालु शामिल होंगे।कमिटी के सदस्यों ने कहा कि इस साल बड़ी संख्या में नेपाल से भी श्रद्धालुओं ने आने और अपनी सहभागिता का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

