महानंदा नदी के कटावग्रस्त क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ निरोधक कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महानंदा नदी के कटावग्रस्त क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ निरोधक कार्यों में तेजी लाने का निर्देश


कटिहार, 06 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और नदी के कटाव से निपटने की तैयारियों का जमीनी जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने आजमनगर प्रखंड अंतर्गत महानंदा नदी के कटावग्रस्त क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ चल रहे बाढ़ निरोधक कार्यों की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा कार्य युद्ध स्तर पर शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं, ताकि जिले में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नदी के किनारे चल रहे बोल्डर पिचिंग, तटबंध सुदृढ़ीकरण और स्पर निर्माण कार्यों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष नजर रखने को कहा। डीएम ने दोटूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लंबित कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए अतिरिक्त मजदूरों और मशीनों को तुरंत लगाने का निर्देश दिया गया।

आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कटाव प्रभावित गांवों में नाव, सर्च लाइट, जीवन रक्षक उपकरण और पॉलीथिन शीट की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंचलाधिकारी को संवेदनशील गांवों में 'बाढ़ चौपाल' आयोजित कर लोगों को जागरूक करने तथा आपदा मित्रों की टीम को हर वक्त अलर्ट मोड पर रखने को कहा। इसके अलावा, आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक रसोई, मेडिकल कैंप और पशु चारे की पूर्व तैयारी पुख्ता रखने के निर्देश भी दिए गए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों, मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन कटाव से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास और सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है। महानंदा नदी के संवेदनशील स्वरूप का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। साथ ही, आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी आजमनगर, अंचलाधिकारी और थाना अध्यक्ष सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story