बच्चा चोरी की अफवाह में विक्षिप्त महिला गिरफ्तार, हंगामे के बीच भेजी गई जेल

WhatsApp Channel Join Now
बच्चा चोरी की अफवाह में विक्षिप्त महिला गिरफ्तार, हंगामे के बीच भेजी गई जेल


नवादा,21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में रजौली थाना क्षेत्र के घासयादी मोहल्ले में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

मोहल्ले की कुछ महिलाओं ने उक्त महिला को बच्चा चोर बताते हुए आपात सेवा 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाना ले आई।

बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह इधर-उधर भटक रही थी। स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर उसे बच्चा चोर करार दे दिया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे चिकित्सीय जांच के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया। अस्पताल परिसर में यह खबर फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ ने हंगामा करना शुरू कर दिया और महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और अपने संरक्षण में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा महिला की मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है।

थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। अफवाहों से सामाजिक तनाव बढ़ता है और निर्दोष लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन के किसी को दोषी ठहराना दंडनीय अपराध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story