मधेपुरा में दबंगई : मांगी सिगरेट नहीं दिया तो मुंह में गोली मार दी

WhatsApp Channel Join Now
मधेपुरा में दबंगई : मांगी सिगरेट नहीं दिया तो मुंह में गोली मार दी


मधेपुरा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के कॉलेज चौक पेट्रोल पंप से पूरब इलाके में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक किराना दुकानदार को गोली मार दी। सिगरेट नहीं देने पर बदमाशों ने दुकानदार के मुंह में गोली दाग दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घायल मधेपुरा के रहने वाले पिंटू केशरी (35 ) पिता हरिहर केशरी है। उनकी टीपी कॉलेज के पास पिछले 12 वर्षों से किराना दुकान है। परिजन के अनुसार, प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात भी वह करीब 12 बजे दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और सिगरेट व गुटखा की मांग की। पिंटू केशरी ने दुकान बंद होने की बात कहकर मना कर दिया। इसी बात पर कहासुनी हो गई और गुस्साए अपराधियों ने नजदीक से उनके मुंह में गोली मार दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना के समय दुकान पर उनके भाई पप्पू केशरी और स्टाफ शाहनवाज भी मौजूद थे। परिजन को फोन पर सूचना मिली कि पिंटू को गोली लगी है। आनन-फानन में उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली निकाल दी गई है, लेकिन स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि रात करीब 12 बजे की इस घटना में बाइक सवार अपराधियों ने पहले सिगरेट और गुटखा की मांग की थी। मना करने पर विवाद हुआ और गोली चला दी गई।

उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है और उन्होंने देर रात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story