मधेपुरा में बड़ी चोरी, ताला तोड़ 8-9 लाख की संपत्ति ले उड़े बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
मधेपुरा में बड़ी चोरी, ताला तोड़ 8-9 लाख की संपत्ति ले उड़े बदमाश


मधेपुरा, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मधेपुरा में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है जहां सदर थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड संख्या-06 में अज्ञात बदमाशों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित राजकमल सिंह ने बताया कि गुरुवार की मध्यरात्रि 12 बजे के बाद चोर उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार, सोने-चांदी के जेवरात जिनमें अंगूठी, चेन, कान की बाली और पायल शामिल हैं चोरी कर लिए गए। इसके अलावा दुकान निर्माण के लिए घर में रखी करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद राशि भी गायब है। कुछ महंगे कपड़े भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल मिलाकर 8 से 9 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सदर थाना अध्यक्ष बिमलेंदु ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story