मधेपुरा में बिहार बंद के दौरान छात्रों का प्रदर्शन, समाहरणालय घेराव से पहले पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन छात्रों को किया डिटेन

WhatsApp Channel Join Now
मधेपुरा में बिहार बंद के दौरान छात्रों का प्रदर्शन, समाहरणालय घेराव से पहले पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन छात्रों को किया डिटेन


मधेपुरा, 25 जुलाई (हि.स.)। बिहार बंद के आह्वान के दौरान शनिवार को विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र टी.पी. कॉलेज के समीप एकत्र हुए और दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों की योजना समाहरणालय का घेराव कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की थी। छात्र जुलूस की शक्ल में समाहरणालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन कॉलेज चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ दर्जन छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर सदर थाना ले गई। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संतोष कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रवेंद्र भारती स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे थे। वहीं सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद सिंह, बेलारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। छात्र नेताओं का आरोप था कि नीट पेपर लीक प्रकरण और उससे जुड़े मामलों में कई छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार पर छात्रों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

पुलिस की सतर्कता के कारण छात्रों का समाहरणालय घेराव का कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका और उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया गया। स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story