ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच नम आंखों से दी गई मां वाम काली को विदाई, थाना घाट पर हुआ विसर्जन

WhatsApp Channel Join Now
ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच नम आंखों से दी गई मां वाम काली को विदाई, थाना घाट पर हुआ विसर्जन


भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर में आस्था और भक्ति के सैलाब के बीच मंगलवार को मां वाम काली महारानी की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। मां की प्रतिमा को अंतिम विदाई देने के लिए सड़कों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।

ढोल-नगाड़ों की गूंज और मां के गगनभेदी जयकारों के साथ श्रद्धालु पूरे उत्साह से शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह मां वाम काली के अंतिम दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। नगर भ्रमण के पश्चात बिहपुर के थाना घाट पर पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ मां की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

विदाई की इस बेला में समूचा वातावरण बेहद भावुक हो उठा। भक्तों ने नम आंखों से मां को विदाई देते हुए सुख-समृद्धि और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। बिहपुर क्षेत्र में मां वाम काली महारानी समेत कुल पांच प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story