गैस वितरण में सख्ती, वितरकों के साथ डीएम-एसपी ने की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
गैस वितरण में सख्ती, वितरकों के साथ डीएम-एसपी ने की बैठक


बक्सर, 17 मार्च (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एलपीजी वितरकों के साथ बैठक हुयी। इसका उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों का सुचारू एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करना था।

प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग करा ली है या जिन्हें DAC नंबर मिल चुका है, उन्हें अधिकतम एक से 5 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही किसी भी परिस्थिति में एजेंसी या गोदाम पर लाइन लगाकर सिलेंडर वितरण पर रोक लगाई गई है।

ई-केवाईसी को लेकर भी सख्ती बरती गई है। एजेंसियों को अलग काउंटर बनाकर कर्मियों की तैनाती करने और उपभोक्ताओं की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यालय के बाहर स्टॉक और वितरण तिथियों की अद्यतन जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि सर्वर समस्या अब दूर हो गई है और लंबित ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। किसी भी समस्या के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story