कटिहार में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ
कटिहार, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। कटिहार में तीनों अनुमंडल क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि कटिहार जिले में तीनों अनुमंडल क्षेत्रों में कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं, जिनके पास 13697 घरेलू LPG गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को 5919 गैस सिलेंडर की बुकिंग के विरूद्ध 4704 सिलेंडर की आपूर्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही, हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 239026 पर संपर्क करने को कहा है, जहां किसी भी समस्या के समाधान के लिए सहायता उपलब्ध है।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए 16 धावा दलों का गठन किया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 460 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है और 5 प्राथमिकी दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

