किशनगंज में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 9100 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, 9100 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध


किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को गैस की कमी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में जिले में 9100 से अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। गैस की आपूर्ति और वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को अब होम डिलीवरी की सुविधा पहले की तरह मिल रही है, जिससे उन्हें एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, शहरी उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिनों के बाद दोबारा गैस बुकिंग कर सकते हैं। कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया है, जो सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, आज एलपीजी से जुड़ी एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका समय पर निपटारा कर दिया गया। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story