किशनगंज में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू


किशनगंज, 22 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

रविवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

उन्होंने जानकारी दी कि फिलहाल जिले में 10,119 से अधिक गैस सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है। डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। अब उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग कर सकते हैं। वहीं, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से नियमित रूप से छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 है। एलपीजी गैस से संबंधित प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत गैस का उपयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story