कटिहार में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान: जिला प्रशासन
कटिहार, 22 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद और युद्ध के कारण घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत होने से जुड़ी सोशल मीडिया पर चल रही तमाम खबरें पूरी तरह भ्रामक और अफवाह हैं। कटिहार जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आम जनता किसी भी अफवाह में आकर गैस वितरकों के यहाँ अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (कुर्सेला) कुमार किंचित की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त बातें कही गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की निर्बाध आपूर्ति के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
गैस उपलब्धता के आंकड़े
जिले के तीनों अनुमंडलों में विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स कार्यरत हैं। इनमें कटिहार अनुमंडल के 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल के 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी और मनिहारी अनुमंडल के 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी शामिल हैं।
वर्तमान में उपभोक्ताओं के लिए कुल 12,603 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 1,203 व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। बीते कल 21 मई को 6,535 बुकिंग के विरुद्ध 4,886 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा चुकी है। वहीं, आज 22 मई को कंपनियों से कुल 2,070 घरेलू सिलेंडरों की खेप प्राप्त हो रही है, जिसे सभी प्रखंडों में आवश्यकतानुसार भेजा जाएगा।
कालाबाजारी के खिलाफ सख्त एक्शन, 5 पर एफआईआर
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संकट की अफवाह फैलाकर गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी या मुनाफाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। विशेष शाखा, बिहार (पटना) के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और कालाबाजारियों की पहचान के लिए 16 विशेष धावा दलों का गठन किया गया है। गठित टीमों द्वारा अब तक गैस एजेंसियों, होटलों और संदिग्ध ठिकानों सहित कुल 829 स्थानों पर सघन छापेमारी की जा चुकी है। नियम उल्लंघन और अवैध भंडारण के मामले में अब तक 05 प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जा चुकी है।
शिकायतों का त्वरित निपटारा और हेल्पलाइन जारी
जिला प्रशासन ने बताया कि आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल कंपनियों के सेल्स मैनेजरों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं। जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम में अब तक कुल 1141 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 1140 शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों जैसे जरूरतमंद जगहों पर बिना किसी बाधा के गैस सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम जनता की सुविधा और शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 जारी किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

