कटिहार में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं, डीएम ने अफवाहों को किया खारिज

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं, डीएम ने अफवाहों को किया खारिज


कटिहार, 21 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का जिला प्रशासन ने खंडन किया है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कटिहार जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

डीएम ने कहा कि जिले में आज की तारीख में 12621 घरेलू और 1184 व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं। सोमवार 20 अप्रैल को 5091 बुकिंग के विरुद्ध 4956 सिलेंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। आज 21 अप्रैल को 8409 घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। कटिहार अनुमंडल के 10 प्रखंडों में 31, बारसोई के 4 प्रखंडों में 18 तथा मनिहारी के 2 प्रखंडों में 5 गैस एजेंसियां संचालित हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि गैस की जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध बिक्री रोकने के लिए 16 धावा दलों का गठन किया गया है। इन दलों ने अब तक गैस एजेंसियों, होटलों समेत 664 स्थानों पर छापेमारी की है और 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक गैस आपूर्ति की गहन निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि 13 मार्च से लगातार एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के सेल्स मैनेजरों के साथ समीक्षा बैठक की जा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 239026 जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम में प्राप्त 1027 शिकायतों में से 1016 का निष्पादन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों को निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि जनगणना 2027 के तहत अब तक जिले में 6500 लोगों ने मोबाइल ऐप से स्वगणना की है। आगे पंचायत स्तर पर संध्या चौपाल, वार्ड सभा और डोर-टू-डोर गणना कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि उर्वरक की कालाबाजारी को रोकने के उद्देश्य से 25 टीमों ने 40 खाद दुकानों की जांच की, जिले के 254 स्थानों पर छापेमारी कर 27 दुकानों को सील किया गया। जिला प्रशासन एलपीजी एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की प्रतिदिन जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story