एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का डीआईजी, डीएम एवं एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का डीआईजी, डीएम एवं एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण


-कहा,जिले में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू

पूर्वी चंपारण,30 मार्च (हि.स.)।मोतिहारी एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में हर किशोर राय, डीआईजी, चंपारण रेंज, सौरभ जोरवाल, जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण एवं स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण शामिल थे। इस अवसर पर बाॅटलिग प्लांट के एसपीएम दीपक कुमार,डीजीएम टर्मिनल राकेश वर्मा भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एलपीजी फिलिंग शेड में आपूर्ति, बॉटलिंग प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी ली।

आईओसीएल के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि संयंत्र पूरी क्षमता से कार्यरत है तथा जिले की मांग को निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में पेट्रोल एवं डीजल का अतिरिक्त 15 दिन तथा एलपीजी का अतिरिक्त 7 दिन का बफर स्टॉक भी सुरक्षित भंडार में मौजूद है और दैनिक आपूर्ति भी पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिले में एलपीजी आपूर्ति पूर्व के दिनों के अनुसार ही है। जिले में आईओसीएल,एचपीसील एवं बीपीसीएल सहित कुल 115 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। 01 मार्च से 29 मार्च 2026 तक कुल 5,22,735 बुकिंग के सापेक्ष 4,42,697 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा चुकी है। 29 मार्च को एक दिन में 14,762 बुकिंग के विरुद्ध 14,599 सिलेंडरों का वितरण किया गया जो औसत अधिक है। सभी 115 वितरक होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचा रहे हैं, जबकि होम डिलीवरी न करने वाली 3 एजेंसियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में बुकिंग में सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जो जनता द्वारा की जा रही अतिरिक्त बुकिंग के कारण है। आपूर्ति एजेंसी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है, अतः अनावश्यक बुकिंग की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों ने आपूर्ति प्रबंधन पर संतोष व्यक्त करते हुए एलपीजी के निर्बाध संचालन, आवागमन एवं वितरण को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग एवं सहायता का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील किया है,कि पैनिक होकर अनावश्यक रूप से गैस की अतिरिक्त बुकिंग न करें, घरेलू उपयोग के लिए ही गैस का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06252-242418 पर दें। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story