एलपीजी संकट से जूझ रहे सीएनजी चालकों का बलुआ बाजार में अनशन

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी संकट से जूझ रहे सीएनजी चालकों का बलुआ बाजार में अनशन


सुपौल, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बलुआ बाजार में एलपीजी गैस की लगातार किल्लत ने सैकड़ों सीएनजी वाहन चालकों की जिंदगी को संकट में डाल दिया है। शनिवार को आक्रोशित चालकों ने स्व. ललित नारायण मिश्र स्मारक के सामने स्टेट हाईवे-91 पर सामूहिक अनशन शुरू कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

चालकों का कहना है कि कई दिनों से एलपीजी गैस की आपूर्ति ठप है, जिसके कारण उनकी गाड़ियां खड़ी हैं और रोज़गार पूरी तरह बंद हो चुका है। अधिकांश चालकों ने अपने वाहन एजेंसियों से कर्ज या किस्त पर खरीदे हैं, जिनकी मासिक किश्त चुकाना अब उनके लिए मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि परिवार का भरण-पोषण करना तक कठिन हो गया है और भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उनका आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर लापरवाह बने हुए हैं और अब तक कोई ठोस समाधान नहीं दिया गया है। चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि बाजार में एलपीजी गैस ब्लैक में 150 से 200 रुपये प्रति किलो तक बेची जा रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल की तरह एलपीजी के लिए भी स्थायी पंप व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो। इसके अलावा, चालकों ने कंपनियों पर भी दबाव और धमकी देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि किस्त नहीं चुकाने पर एजेंसी के लोग घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और गाड़ी जब्त करने की धमकी देते हैं। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द एलपीजी की आपूर्ति बहाल की जाए और ब्लैक मार्केटिंग करने वाले एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसमें सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन भी शामिल हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story