नालंदा जिले में एटीएम बदलकर 40 हजार रुपए की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 31 मार्च (हि.स.)।नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चंडी थाना में आवेदन देकर अज्ञात ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना मंगलवार की सुबह की बताई जा रही है।

चंडी थाना क्षेत्र के मकुन्दन विगहा निवासी विक्रम कुमार ने थाना में दिये अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने रुपये निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड अपने भाई शुभम कुमार को दिया था। शुभम कुमार दोपहर लगभग 12 बजे चंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम केंद्र, जो भारतीय स्टेट बैंक के पास स्थित है, वहां पैसे निकालने पहुंचे।

पीड़ित के अनुसार, जब शुभम कुमार ने एटीएम मशीन में कार्ड डाला तो कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के नाम पर एक कथित कस्टमर केयर नंबर दिया और उस नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। जब उस नंबर पर बात की गई तो सामने वाले व्यक्ति ने कार्यालय आने की बात कही।इसी बीच मौका देखकर उक्त व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदल लिया। कुछ देर बाद विक्रम कुमार के खाते से अलग-अलग किस्तों में 15 हजार, 15 हजार, 13 हजार 500 और 400 रुपये की निकासी कर ली गई। इस तरह कुल 43 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली गई।

पीड़ित ने बताया कि खाते से रुपये निकासी की जानकारी उन्हें बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद मिली। इसके बाद उन्होंने चंडी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी और ठगी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राशि वापस दिलाने की मांग की है।इस संबंध में पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही ठग की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story