लोरिक महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता, राज्य व राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी देंगे प्रस्तुति

WhatsApp Channel Join Now
लोरिक महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता, राज्य व राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी देंगे प्रस्तुति


सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले में आयोजित होने वाले लोरिक महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। महोत्सव में जिले के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉलों के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

महोत्सव के आयोजन को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों के चयन, विभागीय स्टॉलों की व्यवस्था तथा आयोजन को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि लोरिक महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और कला को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

इसके साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित कर उनकी प्रस्तुतियां कराने पर भी चर्चा हुई। कलाकार चयन समिति के सदस्यों से सुझाव और मंतव्य प्राप्त किए गए। चयन के दौरान कलाकारों की प्रतिभा, प्रस्तुति, विधा और कार्यक्रम की गुणवत्ता को ध्यान में रखने पर जोर दिया गया। स्थानीय कलाकारों तथा बाहरी कलाकारों के बीच बेहतर समन्वय से महोत्सव में सांस्कृतिक विविधता और आकर्षण बढ़ाने की बात कही गई।

वहीं, महोत्सव स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉलों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को अपने स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं, विकासात्मक कार्यों, जनकल्याणकारी गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। स्टॉलों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखने, बल्कि आम लोगों के लिए जानकारी एवं जागरूकता का केंद्र बनाने पर बल दिया गया।

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ जिले में हो रहे विकास कार्यों से रूबरू कराया जाएगा। इससे महोत्सव में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी भी मिल सकेगी।

बैठक में महोत्सव को यादगार एवं सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और समिति सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों एवं समिति सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार, वरीय उपसमाहर्ता संजीत कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी मुकेश कुमार, समिति सदस्य दयानन्द भारती, मुन्ना चमन, देवेंद्र प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार यादव, अरुण कुमार सहित कलाकार चयन समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story