मशरक में मालखाने से निकलकर रथ पर सवार हुए प्रभु श्री राम

WhatsApp Channel Join Now
मशरक में मालखाने से निकलकर रथ पर सवार हुए प्रभु श्री राम


मशरक में मालखाने से निकलकर रथ पर सवार हुए प्रभु श्री राम


सारण, 23 मार्च (हि.स.)। मशरक थाना परिसर स्थित राम-जानकी शिव मंदिर के श्रद्धालुओं का लंबा इंतजार सोमवार को समाप्त हो गया। 3 और 4 जनवरी 2026 की रात्री में चोरी हुई और पुलिस द्वारा बरामदगी के बाद कानूनी प्रक्रियाओं के कारण थाना के मालखाने में रखीं भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण जी की मूर्तियों को न्यायालय के आदेश के बाद पुनः मंदिर समिति को सौंप दिया गया। सोमवार को डीएसपी संजय कुमार सुधांशु नेतृत्व में पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके पश्चात मूर्तियों को ससम्मान राम-जानकी शिव मंदिर कमेटी के सदस्यों को सौंपा गया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों को मालखाने से बाहर लाया गया।

मूर्तियों के प्राप्त होते ही मंदिर समिति ने उन्हें एक सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया। गाजे-बाजे और सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में नगर परिक्रमा निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह रथ पर फूलों की वर्षा की और अपने आराध्य के दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से डीएसपी संजय कुमार सुधांशु और थाना के अन्य पुलिस अधिकारियों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि मूर्तियां चोरी हुई थी जिन्हें पुलिस ने बरामद किया था अब न्यायालय के आदेशानसार इन्हें मंदिर कमेटी को श्राप दिया गया है।

समिति के सदस्य चंद्रमा सिंह ने बताया कि मूर्तियों के वापस आने से मशरक वासियों में भारी उत्साह है। जल्द ही मंदिर समिति की बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तिथि की घोषणा होगी। इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story