किशनगंज व ठाकुरगंज में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जयघोष से गूंजे नगर

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज व ठाकुरगंज में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जयघोष से गूंजे नगर


किशनगंज, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के किशनगंज और ठाकुरगंज नगर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ और हरि बोल के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

किशनगंज शहर के मिलनपल्ली स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद रथ नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकला। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए रथ के साथ चलते रहे और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। उधर, ठाकुरगंज नगर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ पर भगवान की प्रतिमाओं को स्थापित कर नगर भ्रमण कराया गया। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रथ यात्रा में ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर रथ की रस्सी खींची तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।

विधायक ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। रथ यात्रा को लेकर प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story