महिला को बंधक बनाकर सोने के जेवर और नगद की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

WhatsApp Channel Join Now
महिला को बंधक बनाकर सोने के जेवर और नगद की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात


अररिया 25 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज के रिहायशी इलाके आरबी लेन में तेरापंथ भवन के पास मंगलवार की सुबह दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने एक महिला को बंधक बनाकर उसके कान की सोने की बाली, अंगूठी और बैग में रखे 15 सौ रुपये नगद लूट लिए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पीड़ित महिला इंदू देवी पति शांति लाल धनावत ने बताया कि वह समता भवन गली स्थित अपने आवास से पैदल छुवापट्टी ओम शांति केंद्र जा रही थी।

इसी दौरान आरबी लेन स्थित तेरापंथ भवन के समीप दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनसे एक चिकित्सक का पता पूछा। इसके बाद बदमाशों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर उनके कान में पहनी सोने की बाली, एक अंगूठी तथा बैग में रखे 15 सौ रुपये छीन लिए।

घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सदर रोड, स्टेशन चौक और पटेल चौक होते हुए फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना से एसआई आशुतोष कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।

सूचना मिलने पर परिजन राहुल धनावत, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष दिलीप गौतम, आदर्श गोयल, विजय गोयल, कुणाल केड़िया तथा ओम शांति केंद्र की संचालिका बीके रुकमा दीदी सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पीड़ित महिला ने बताया कि लूटे गए सोने के जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है। वहीं, मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story