भागलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क-ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पर लोकसभा में सांसद ने पूछे प्रश्न

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क-ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पर लोकसभा में सांसद ने पूछे प्रश्न


भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न सं. 5358 के माध्यम से भागलपुर संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क, ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, डाकघरों के आधुनिकीकरण एवं 5जी सेवाओं के विस्तार से संबंधित मुद्दे उठाए।

इस प्रश्न के उत्तर में संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री द्वारा जानकारी दी गई कि जनवरी 2026 तक जिले के सभी 1,520 गाँव 4जी मोबाइल ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से आच्छादित किए जा चुके हैं। यह ग्रामीण डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतनेट परियोजना के तहत फरवरी 2026 तक भागलपुर जिले की 234 ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान करने के लिए तैयार किया जा चुका है। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है। डाक विभाग द्वारा भागलपुर जिले में व्यापक आधुनिकीकरण कार्य किए गए हैं। सभी डाकघरों को एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। सभी पोस्ट ऑफिस में कोर बैंकिंग सॉल्यूशन लागू किया गया है। नेट बैंकिंग, एटीएम, ई-मनी ऑर्डर, ट्रैक एंड ट्रेस एवं मोबाइल आधारित सेवाएं शुरू की गई हैं।

ग्रामीण शाखा डाकघरों को डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सेवाएं और अधिक सुगम हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 5जी सेवाओं का विस्तार दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा तकनीकी एवं व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर किया जाएगा। सांसद द्वारा उठाया गया यह प्रश्न भागलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story