सांसद ने सदन में उठाया विदेशों में बिहार के मूल निवासियों के मौत का मुद्दा

WhatsApp Channel Join Now
सांसद ने सदन में उठाया विदेशों में बिहार के मूल निवासियों के मौत का मुद्दा


भागलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा लोकसभा में प्रश्न संख्या 4802 के माध्यम से विदेशों में भारतीय नागरिकों, विशेषकर बिहार के मूल निवासियों की मौतों के संबंध में महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया।

सांसद ने विदेश मंत्री से यह जानने का प्रयास किया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान विदेशों में बिहार के कितने लोगों की मृत्यु हुई है, इन मौतों के कारण क्या रहे हैं, तथा प्रभावित परिवारों को किस प्रकार की सहायता प्रदान की गई है। विदेश राज्य मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर में बताया गया कि मंत्रालय के पास राज्य-वार, विशेषकर बिहार से संबंधित अलग-अलग आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, पिछले तीन वर्षों के दौरान विदेशों में भारतीय नागरिकों की कुल मृत्यु संख्या क्रमशः 11,061, 11,841 और 11,770 रही है। पिछले तीन वर्षों में 34672 भारतीयों के मृत्यु विदेशों में हो गई है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारतीय दूतावास एवं मिशन केंद्र संकट की स्थिति में हर संभव कांसुलर सहायता प्रदान करते हैं, जिसमें भोजन, आश्रय, दवा, कानूनी सहायता तथा स्वदेश वापसी की व्यवस्था शामिल है। इसके अतिरिक्त, भारतीय समुदाय कल्याण कोष के माध्यम से जरूरतमंद भारतीयों को वित्तीय सहायता भी दी जाती है।

पिछले वर्षों में सैकड़ों मामलों में इस कोष के माध्यम से सहायता प्रदान की गई है, जिसमें मृतकों के पार्थिव अवशेषों को भारत लाने में भी सहयोग शामिल है। सांसद ने कहा कि बिहार के प्रवासी श्रमिकों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने केंद्र सरकार से राज्य-वार डेटा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को और अधिक प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में इस विषय को और गंभीरता से उठाया जाएगा, ताकि बिहार सहित पूरे देश के प्रवासी नागरिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story